हावड़ा, 20 अगस्त (हि. स.)। जिले के बाली थाना क्षेत्र में बंद मकान में चोरी के मामले का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान कोलकाता के टेंगरा थाना अंतर्गत निवासी करिम मोल्ला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की शाम शांतिराम रोड निवासी शैबाल गुप्ता अपने परिवार के साथ स्थानीय एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि उनकी अनुपस्थिति में किसी ने घर में घुसकर सामान अस्त-व्यस्त कर दिया था। जांच करने पर पता चला कि घर से करीब छह-सात भरी सोने के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए हैं। घटना की सूचना बाली थाना की पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और 27 जुलाई को बाली थाने में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें कई संदिग्ध लोगों की तस्वीरें सामने आईं। अपराध के तरीके का विश्लेषण करने के बाद पुलिस ने आसपास के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जानकारी जुटाई और संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की।
जांच के क्रम में बाली थाना के जांच अधिकारी खगेन मजुमदार और रवींद्रनाथ रुई की कार्रवाई में टेंगरा थाना क्षेत्र के आरोपित करिम मोल्ला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद किए गए।
हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट की ओर से बताया गया कि अपराध की रोकथाम और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि ऐसे मामलों में तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने की कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय




