लखनऊ, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के चौथे सीजन का भव्य उद्घाटन समारोह 14 अगस्त को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगा। समारोह में मशहूर संगीतकार और गायक शंकर महादेवन तथा लोकप्रिय पंजाबी गायिका जैस्मिन सैंडलस मुख्य आकर्षण होंगी।
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में 24 दिन तक चलने वाले क्रिकेट के रोमांचक सफर की शुरुआत होगी।
शंकर महादेवन और जैस्मिन सैंडलस अपनी शानदार प्रस्तुतियों के जरिए उद्घाटन समारोह में संगीत और मनोरंजन का रंग भरेंगे। समारोह में भारतीय संगीत की पारंपरिक धुनों से लेकर समकालीन लोकप्रिय गीतों और आधुनिक दृश्य प्रस्तुतियों का भी शानदार संगम देखने को मिलेगा।
यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “यूपी टी-20 लीग हमेशा से ही प्रशंसकों के लिए रोमांचक क्रिकेट के साथ विश्वस्तरीय मनोरंजन का संयोजन रही है। उद्घाटन समारोह में शंकर महादेवन और जैस्मिन सैंडलस जैसे प्रतिष्ठित कलाकारों को शामिल करके हम बेहद उत्साहित हैं। उनकी असाधारण संगीत प्रतिभा और युवाओं के बीच लोकप्रियता उत्तर प्रदेश क्रिकेट की ऊर्जा और भावना का पूरी तरह प्रतिनिधित्व करती है। शानदार दृश्य प्रस्तुतियों के साथ इकाना स्टेडियम में उद्घाटन की रात सभी के लिए यादगार अनुभव होगी।”
शंकर महादेवन के साथ सिद्धार्थ और शिवम भी देंगे प्रस्तुति
सितारों से सजे इस समारोह की मेजबानी जतिन सप्रू करेंगे। शंकर महादेवन के साथ उनके बेटे सिद्धार्थ महादेवन और शिवम महादेवन भी मंच पर प्रस्तुति देंगे। इस दौरान दर्शकों को भावपूर्ण और ऊर्जावान संगीत का अनुभव मिलेगा।
समारोह में शानदार ड्रोन शो भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। लाइव कमेंट्री के साथ होने वाले ड्रोन शो के अलावा लखनऊ के आसमान को भव्य आतिशबाजी से रोशन किया जाएगा।
उद्घाटन मुकाबले में आमने-सामने होंगे काशी रुद्रास और मेरठ मेवरिक्स
उद्घाटन समारोह के तुरंत बाद यूपी टी-20 लीग सीजन-4 का पहला मुकाबला खेला जाएगा। उद्घाटन मैच में मौजूदा चैंपियन काशी रुद्रास का सामना मेरठ मेवरिक्स से होगा।
टूर्नामेंट का पहला चरण लखनऊ में 26 अगस्त तक खेला जाएगा। इसके बाद प्रतियोगिता का दूसरा चरण कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगा। लीग का भव्य फाइनल 6 सितंबर को खेला जाएगा।
उद्घाटन समारोह और पहले मुकाबले के टिकट डिस्ट्रिक्ट ऐप पर उपलब्ध हैं और इन्हें पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर खरीदा जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे




