बेलफास्ट, 11 अगस्त । अफगानिस्तान के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई को आयरलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने फटकार लगाई है। उमरजई के खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।
आईसीसी ने मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा कि उमरजई को खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.8 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताने से संबंधित है।
यह घटना दूसरे वनडे में अफगानिस्तान की पारी के दौरान हुई। बारिश के कारण मुकाबला 47-47 ओवर का कर दिया गया था। अफगानिस्तान की पारी के 41वें ओवर में उमरजई को आउट दिया गया, लेकिन वह काफी देर तक क्रीज पर बने रहे और इशारों के जरिए फैसले पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
उमरजई ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और आईसीसी के अंतरराष्ट्रीय मैच रेफरी पैनल के डीन कॉस्कर द्वारा प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया। इसलिए मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
उनके खिलाफ आरोप मैदानी अंपायर गैरेथ मॉरिसन और रोली ब्लैक , तीसरे अंपायर जॉनी कैनेडी तथा चौथे अंपायर जॉर्ज ब्रॉली ने लगाए थे।
यह उमरजई का पिछले 24 महीनों में पहला डिमेरिट अंक है। आईसीसी की लेवल-1 की इस तरह की गलती के लिए आधिकारिक फटकार, मैच फीस का अधिकतम 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक दिए जा सकते हैं।
अफगानिस्तान ने आयरलैंड पर दर्ज की शानदार जीत
यह घटना उस मुकाबले के दौरान हुई, जिसमें अफगानिस्तान ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए आयरलैंड को 92 रन से हराया था। इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में बढ़त हासिल की।
बारिश के कारण पहला मुकाबला बिना टॉस के रद्द होने के बाद दूसरे वनडे में कप्तान रहमत शाह की अगुआई में अफगानिस्तान ने 47 ओवर में 299/8 रन बनाए।
इसके जवाब में राशिद खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह विकेट झटके और आयरलैंड की टीम 33.4 ओवर में 207 रन पर सिमट गई।
तीसरे वनडे में भी राशिद ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए तीन विकेट लिए और बाद में नाबाद 37 रन बनाकर अफगानिस्तान को आयरलैंड के 206 रन के लक्ष्य तक पहुंचाया। अफगानिस्तान ने यह मुकाबला तीन विकेट से जीता और पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।
इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने 2027 वनडे विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। दक्षिण अफ्रीका में होने वाले इस विश्व कप में अफगानिस्तान लगातार चौथी बार हिस्सा लेगा।




