
जौनपुर,11 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं का जनपदीय खेल चयन ट्रायल मंगलवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के निर्देशन और जिला समन्वयक बालिका शिक्षा शोभा तिवारी की देखरेख में हुए ट्रायल में छात्राओं ने विभिन्न खेलों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। चयनित छात्राएं अब मंडल स्तर पर जौनपुर का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज, योगासन और एथलेटिक्स की प्रतियोगिताएं हुईं। एथलेटिक्स के जूनियर वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सुजानगंज की निधि जायसवाल प्रथम, शाहगंज की शिवांसी बिंद द्वितीय और करंजाकला की दिव्या कुमारी तृतीय रहीं। 200 मीटर में जलालपुर की उजाला चौहान प्रथम, बरसठी की तृप्ति पटेल द्वितीय और धर्मापुर की प्रिया निषाद तृतीय रहीं।
400 मीटर दौड़ में महराजगंज की आभा और आकृति ने बेहतर प्रदर्शन किया। जूनियर वर्ग की गोला फेंक में मुक्तिगंज की उजाला प्रथम, बदलापुर की रुचि द्वितीय और जलालपुर की शालू तृतीय रहीं। सीनियर वर्ग में सुंईथाकला की आंचल गुप्ता प्रथम और करंजाकला की अंशुमा द्वितीय रहीं।
बैडमिंटन में आउसी पासवान, मानवी और पायल मिश्रा का मंडल स्तर के लिए चयन हुआ। शतरंज में मड़ियाहूं की दिव्यांशी प्रथम और शाहगंज की आंशी द्वितीय रहीं।जिला क्रीड़ा अधिकारी अशोक सोनकर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। निर्णायक की भूमिका रवि चंद्र यादव, राकेश कुमार यादव, प्रियंका सिंह समेत अन्य ने निभाई। इस दौरान विद्यालयों की वार्डन, व्यायाम शिक्षक और लेखाकार मौजूद रहे।----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव





