धर्मशाला, 11 अगस्त (हि.स.)। धर्मशाला के बागनी पंचायत भवन प्रांगण में मंगलवार को आठ चरणों में चयनित बीपीएल परिवारों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की आठ पंचायतों से चयनित बीपीएल परिवारों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पात्र परिवारों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों को सीधे प्रशासन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में पूर्व मेयर एवं धर्मशाला से पूर्व प्रत्याशी देवेंद्र जग्गी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा, एसडीएम मोहित रत्न तथा बीडीओ अभिनीत कात्यान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर देवेंद्र जग्गी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार का प्रयास है कि बीपीएल परिवारों को सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार मिले और उन्हें उनकी पात्रता के अनुसार सरकार की प्रत्येक कल्याणकारी योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सस्ता राशन, सामाजिक सुरक्षा, बच्चों की शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, आवास तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
वहीं उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचे। उन्होंने कहा कि बीपीएल परिवारों की समस्याओं और आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जा रहा है तथा संबंधित विभागों को पात्रता के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बीपीएल परिवारों को प्रदेश सरकार द्वारा उनके कल्याण एवं उत्थान के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं तथा उपलब्ध सुविधाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस दौरान बीपीएल परिवारों के सदस्यों ने अपनी समस्याएं, आवश्यकताएं एवं सुझाव भी अधिकारियों के समक्ष रखे। उपायुक्त ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया




