हमीरपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले की बिवांर पुलिस ने मंगलवार को गोलीकांड का खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। भूमि विवाद में विरोधियों को फंसाने के लिए घायल जितेंद्र सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर खुद पर गोली चलवाने की साजिश रची थी।
सीओ आरके पांडेय ने मंगलवार को बताया कि 9 अगस्त को मवईजार निवासी कल्पना सिंह ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि भुजबल सिंह, अजय सिंह व जयसिंह ने उनके देवर जितेंद्र सिंह के बाएं पैर में गोली मार दी। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण, साक्ष्य संकलन और गवाहों से पूछताछ में मामला संदिग्ध पाया गया।
बताया कि विवेचना में सुधांशु सिंह उर्फ राजा सिंह, फरमान, शिववीर सिंह, दीपांशु सिंह और घायल जितेंद्र सिंह के नाम सामने आए। पुलिस ने मंगलवार को सुधांशु उर्फ राजा सिंह निवासी घुघुवा, कानपुर नगर और फरमान निवासी घाटमपुर को निवादा स्थित अभिनव प्रज्ञा डिग्री कॉलेज के पास बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। फरमान के पास से 32 बोर की देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद हुए। दोनों आरोपिताें को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा




