पश्चिम बर्दवान, 20 अगस्त (हि.स.)।
रानीगंज पुलिस ने पंजाबी मोड़ इलाके में डकैती की साजिश को नाकाम करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से देसी पाइप गन, जिंदा कारतूस समेत कई हथियार, रस्सी, तीन मोबाइल फोन और एक मारुति ओमनी वैन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 19 और 20 अगस्त की दरम्यानी रात करीब 2:55 बजे पंजाबी मोड़ जांच केंद्र की नाइट मोबाइल ड्यूटी के दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग हथियारों के साथ बीरभूम के सिउड़ी की ओर से एक मारुति ओमनी में पंजाबी मोड़ की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर अमरासोता मोड़ पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई।
इसी दौरान सफेद रंग की मारुति ओमनी वैन को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक, वाहन में सवार चारों लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बीरभूम के काकरतला निवासी शेख अलाउद्दीन उर्फ लादेन (23), कोइठी निवासी शेख अजहरुद्दीन (30), दुबराजपुर के इस्लामपुर निवासी शेख हुसैन (19) और मोहम्मद ताज खान (19) के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 11 इंच लंबी एक पाइप गन, ‘केएफ’ मार्क वाला 8 एमएम का जिंदा कारतूस, लोहे का खंजर, तलवार, लोहे की रॉड, हैक्सॉ, करीब 12 फीट लंबी नायलॉन की रस्सी, तीन मोबाइल फोन और मारुति ओमनी वैन बरामद की।
पुलिस के मुताबिक, देर रात चारों आरोपियों का हथियारों और अन्य सामान के साथ एक वाहन में मौजूद होना तथा पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करना गंभीर आपराधिक वारदात की तैयारी की ओर इशारा करता है।
इस मामले में रानीगंज थाना कांड संख्या 247/2026, दिनांक 20 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310(4)/310(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(a)/27/35 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर हिरासत की मांग कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर उनका निशाना कौन था और इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा




