गुवाहाटी, 17 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री सोमवार को लोक सेवा भवन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने ऊपरी असम के चार जिलों के बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए दूसरे चरण की आर्थिक सहायता जारी की। इस चरण में 31,951 परिवारों को 15-15 हजार रुपये की प्रत्यक्ष सहायता दी जाएगी। अब तक कुल 96,842 परिवारों को सरकार की ओर से यह सहायता मिल चुकी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बाढ़ में घर, वाहन और अन्य संपत्तियों का बीमा कराने वाले 170 लोगों को अब तक बीमा की राशि मिल चुकी है। वहीं, 1,598 लोगों ने बीमा राशि के लिए आवेदन किया है।
डॉ. सरमा ने कहा कि ऊपरी असम में बाढ़ से प्रभावित लोगों को दुर्गा पूजा से पहले मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। प्रारंभिक आकलन में बाढ़ से करीब 480 करोड़ रुपये की संपत्ति के नुकसान की जानकारी मिली है। विस्तृत आकलन के बाद यह नुकसान 1,000 करोड़ रुपये से अधिक होने की संभावना है।
15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान के मुद्दे पर प्रतिक्रिया व्यक्त हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा भारत को अस्थिर करने की साजिश करती रही है।
सरकारी कर्मचारियों के बहुविवाह के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि बहुविवाह में शामिल सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि ऐसे कर्मचारी की पहली पत्नी आवेदन करती है और उसका तलाक नहीं हुआ है, तो उसे पति के वेतन का 20 प्रतिशत हिस्सा मिलेगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश





