सिलीगुड़ी, 11 अगस्त । सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित एक नर्सिंग होम में मरीज की मौत को लेकर सोमवार रात जमकर हंगामा हुआ। मृतक के परिजनों ने अस्पताल पर चिकित्सा में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि नर्सिंग होम में भर्ती कराने के कुछ ही घंटों के भीतर मरीज की मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने नर्सिंग होम परिसर में प्रदर्शन करने के साथ ही सेवक रोड की मुख्य सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर भक्तिनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मृतक की पहचान पवन शाह के रूप में हुई है। वह सिलीगुड़ी के गुरुंग बस्ती इलाके के निवासी थे।
परिजनों के अनुसार, करीब तीन दिन पहले पवन शाह का तबीयत खराब होने की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक, शुरुआती इलाज के दौरान उनकी हालत सामान्य थी। बाद में अचानक अस्पताल की ओर से परिवार को बताया गया कि मरीज की स्थिति ठीक नहीं है और बेहतर इलाज के लिए जरूरत है।
अस्पताल की सलाह पर सोमवार दोपहर पवन शाह को सेवक रोड स्थित एक नर्सिंग होम में परिजनों ने भर्ती कराया।
हालांकि, परिवार का आरोप है कि भर्ती होने के बाद उन्हें मरीज से मिलने नहीं दिया गया। इसके अलावा मरीज की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में भी उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी। रात में उन्हें पवन शाह की मौत की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार के सदस्य आक्रोशित हो गए। उनका सवाल है कि अस्पताल में भर्ती कराने के महज कुछ घंटों के भीतर मरीज की मौत कैसे हो गई।
घटना के बाद अस्पताल के बाहर तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। जो देखते देखते सड़क तक पहुंच गई। परिजनों ने बाद में सेवक रोड की मुख्य सड़क को जाम कर दिया। इससे व्यस्त सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही भक्तिनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रदर्शनकारियों को समझाने के बाद स्थिति को धीरे-धीरे सामान्य हुई। परिजनों ने चिकित्सा में लापरवाही हुई या नहीं, इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है।



