हुगली, 20 अगस्त (हि. स.)। भ्रष्टाचार, ताेलाबाजी, चुनाव बाद हिंसा और घर में तोड़फोड़ समेत कई आरोपों के मामले में पार्थ हजारिका नाम के तृणमूल कांग्रेस के एक नेता को आरामबाग थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति हरिंगखला-1 नंबर ग्राम पंचायत के प्रधान तथा पुरशुड़ा विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।
सूत्रों के अनुसार, शिकायत के आधार पर आरामबाग थाने की पुलिस ने बुधवार को पार्थ हजारिका को गिरफ्तार किया। इसके बाद गुरुवार को उन्हें आरामबाग महकमा अदालत में पेश किया गया। गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
पार्थ हजारिका पर आरोप है कि चुनाव बाद के दौर में इलाके में हिंसा, घरों में तोड़फोड़, जबरन वसूली और अन्य कथित अनियमितताओं में उनका नाम सामने आया है। हालांकि, उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों की सत्यता अभी अदालत में विचाराधीन है।
पुलिस की ओर से बताया गया है कि पूरे मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय





