नई दिल्ली, 25 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली पुलिस के पूर्व आयुक्त और 1992 बैच के एजीएमयूटी कैडर के आइपीएस अधिकारी सतीश गोलछा एक अक्टूबर से दिल्ली होमगार्ड के महानिदेशक (डीजी) का पद संभालेंगे। दिल्ली सरकार के गृह विभाग ने मंगलवार को उनकी नई तैनाती का आदेश जारी किया है। मौजूदा डीजी होमगार्ड वीरेंद्र सिंह के 30 सितंबर को सेवानिवृत्त होने के बाद गोलछा इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
आदेश के मुताबिक सतीश गोलछा को फिलहाल होमगार्ड निदेशालय में अधिकारी ऑन स्पेशल ड्यूटी (ओएसडी) के तौर पर तैनात किया गया है। यह तैनाती मौजूदा डीजी वीरेंद्र सिंह के सेवानिवृत्त होने तक रहेगी। एक अक्टूबर से गोलछा को औपचारिक रूप से डीजी होमगार्ड की जिम्मेदारी दी जाएगी। गोलछा को दिल्ली पुलिस के पद पर ही रखा गया है और डीजी होमगार्ड का कार्यभार संभालने तक उपलब्ध पद के विरुद्ध उनका वेतन दिल्ली पुलिस से ही जारी किया जाएगा। यह व्यवस्था एक अक्टूबर तक उनकी तैनाती के बीच की अवधि के लिए की गई है।
सतीश गोलछा ने 22 अगस्त 2025 को दिल्ली पुलिस आयुक्त का पद संभाला था। उन्होंने संजय अरोड़ा की जगह ली थी। करीब 11 महीने तक दिल्ली पुलिस की कमान संभालने के बाद 17 जुलाई 2026 को 1994 बैच के आइपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को नया पुलिस आयुक्त बनाया गया था। इसके बाद गोलछा को नई जिम्मेदारी का इंतजार था।
दिल्ली पुलिस आयुक्त बनने से पहले गोलछा तिहाड़ जेल के महानिदेशक के पद पर भी रह चुके हैं। दिल्ली पुलिस में अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाली है। कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन से जुड़े मामलों में उन्हें लंबा अनुभव है। गोलछा की नई नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब वर्तमान डीजी होमगार्ड वीरेंद्र सिंह का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। 1991 बैच के आइपीएस अधिकारी वीरेंद्र सिंह 30 सितंबर को सेवानिवृत्त होंगे। इसके बाद एक अक्टूबर से गोलछा होमगार्ड संगठन की कमान संभालेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी



