नैनीताल, 11 अगस्त (हि.स.)। डीएसए नैनीताल के तत्वावधान में नगर के ऐतिहासिक फ्लैट्स मैदान में खेली जा रही 103वीं लैन्डो लीग फुटबाल प्रतियोगिता अपने निर्णायक दौर में पहुंच गई है। प्रतियोगिता में बुल्स इलेवन, फास्ट आयारपाटा, गैलेक्सी एफसी और किलर्स इलेवन ने सेमीफाइनल में स्थान बना लिया है। चारों टीमों के बीच अब खिताब के लिए मुकाबला होगा।
आयोजकों के अनुसार पहला सेमीफाइनल 16 अगस्त को बुल्स इलेवन और फास्ट आयारपाटा के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल 17 अगस्त को गैलेक्सी एफसी और किलर्स इलेवन के बीच होगा। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 19 अगस्त को खेला जाएगा। डीएसए नैनीताल ने नगर के सभी खेलप्रेमियों से सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने का आह्वान किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी





