हैदराबाद, 21 अगस्त (हि.स.)। टेनिस प्रीमियर लीग (टीपीएल) का आठवां सत्र 8 से 13 दिसंबर 2026 तक हैदराबाद के एलबी टेनिस स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। आठ फ्रेंचाइजी टीमों के बीच होने वाली इस लीग में रोमांचक 25 अंकों के प्रारूप में मुकाबले खेले जाएंगे।
अखिल भारतीय टेनिस संघ के तत्वावधान और तेलंगाना सरकार के सहयोग से होने वाले टीपीएल के आठवें सत्र में देश-विदेश के शीर्ष खिलाड़ियों के साथ भारत के प्रमुख टेनिस सितारे भी हिस्सा लेंगे। लीग के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा।
आठ फ्रेंचाइजी टीमों के बीच मुकाबला
छह दिन तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में जीएस दिल्ली एसेस, हैदराबाद स्ट्राइकर्स, लखनऊ ब्लेजर्स, गुरुग्राम ग्रैंड स्लैमर्स, गुजरात पैंथर्स, राजस्थान रेंजर्स, कोलकाता थंडर ब्लेड्स और मुंबई रॉयल्स खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।
टीपीएल के 25 अंकों के प्रारूप में प्रत्येक अंक महत्वपूर्ण होता है। हैदराबाद में आयोजन के साथ लीग नए शहर और नए दर्शकों तक पहुंच बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाएगी।
लिएंडर पेस और सानिया मिर्जा भी रहेंगी मौजूद
टीपीएल के आठवें सत्र में टेनिस दिग्गज लिएंडर पेस और सानिया मिर्जा की मौजूदगी भी रहेगी। बॉलीवुड कलाकार और टीम की सह-मालिक रकुल प्रीत सिंह और सोनाली बेंद्रे बहल भी अपनी-अपनी टीमों का समर्थन करती नजर आएंगी।
लीग के मुताबिक, टीपीएल ऐप देशभर की 400 से अधिक संबद्ध टेनिस अकादमियों को जोड़ रहा है। अहमदाबाद में सातवें सत्र की सफलता के बाद अब हैदराबाद में आयोजन से लीग के राष्ट्रीय विस्तार को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
किआ इंडिया बनी विशेष साझेदार
आठवें सत्र में किआ इंडिया विशेष साझेदार के रूप में टीपीएल से जुड़ी है। टीपीएल के सह-संस्थापक कुणाल ठाकुर ने कहा कि हैदराबाद में विश्वस्तरीय टेनिस को पहली बार ले जाना और किआ इंडिया के साथ साझेदारी इस सत्र को लीग के लिए महत्वपूर्ण अध्याय बनाता है।
सह-संस्थापक मृणाल जैन ने कहा कि हर सत्र में टीपीएल नए शहरों और नए दर्शकों तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है और हैदराबाद इस यात्रा में अगला बड़ा कदम है।
किआ इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) अतुल सूद ने कहा कि हैदराबाद का खेलप्रेमी दर्शक वर्ग लीग को नया मंच देगा और कंपनी भारत में टेनिस के प्रति अपनी वैश्विक प्रतिबद्धता को और मजबूत करना चाहती है।
तेलंगाना के नगर प्रशासन एवं शहरी विकास और खेल विभाग के विशेष मुख्य सचिव जयेश रंजन ने कहा कि हैदराबाद प्रमुख खेल लीगों की मेजबानी के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि टीपीएल का आयोजन तेलंगाना में टेनिस के विकास और हैदराबाद को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के केंद्र के रूप में बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे




