- श्रीलंका की खराब शुरुआत, केवल 8 रन पर खोए 2 विकेट
कोलंबो, 24 अगस्त (हि.स.)। ध्रुव जुरेल के शानदार नाबाद 115 रन की बदौलत भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 503 रन बनाकर घोषित कर दी। जुरेल ने अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया और निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ महत्वपूर्ण साझेदारियां कर भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में दिन का खेल खत्म होने पर श्रीलंका ने केवल 8 रन पर 2 विकेट खो दिये।
जुरेल ने 177 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौके और दो छक्के लगाए। उन्होंने ऋषभ पंत के साथ छठे विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी की। पंत ने 63 रन की उपयोगी पारी खेली।
श्रीलंका की ओर से तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 106 रन देकर चार विकेट हासिल किए। प्रभात जयसूर्या और केशरा नुवांथा को दो-दो विकेट मिले, हालांकि दोनों भारतीय बल्लेबाजों पर पर्याप्त दबाव बनाने में सफल नहीं रहे।
बारिश के बाद जुरेल ने पूरा किया शतक
करीब दो घंटे 10 मिनट के बारिश से बाधित खेल के बाद जब मुकाबला दोबारा शुरू हुआ, तब जुरेल 95 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे और अपने शतक से पांच रन दूर थे। उन्होंने मोहम्मद सिराज के साथ संभलकर शुरुआत की और श्रीलंकाई गेंदबाजों के दबाव के बावजूद अपना विकेट सुरक्षित रखा।
22 गेंदों के इंतजार के बाद जुरेल ने फर्नांडो की फुल गेंद को गेंदबाज के ऊपर से खेलकर अपना शतक पूरा किया।
इसके बाद उन्होंने अपनी बांह ऊपर उठाकर ‘जय जवान, जय किसान’ लिखा टैटू दिखाकर शतक का जश्न मनाया। सिराज ने भी बीच मैदान में उन्हें गले लगाकर बधाई दी।
शतक पूरा करने के बाद जुरेल ने आक्रामक रुख अपनाया और फर्नांडो की गेंद पर लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का लगाया। इसके बाद प्रभात जयसूर्या ने सिराज को पगबाधा आउट किया। सिराज ने 29 गेंदों का सामना किया और भारत ने इस विकेट के लिए लिया गया रिव्यू भी गंवा दिया।
प्रसिद्ध कृष्णा के साथ मिलकर जुरेल ने फर्नांडो की गेंद पर एक और छक्का लगाया। कृष्णा ने कवर के रास्ते चौका लगाकर भारत का स्कोर 500 के पार पहुंचाया। इसके तुरंत बाद कप्तान शुभमन गिल ने पारी घोषित करने का फैसला किया।
बारिश ने फिर डाली खलल, खराब रोशनी के कारण दिन का खेल जल्दी समाप्त
भारत के 503/9 घोषित करने के बाद श्रीलंकाई टीम जैसे ही बल्लेबाजी करने आई सिराज के केवल दो गेंद फेंकने के बाद फिर से बारिश आ गई। और इसके बाद जब खेल शुरु हुआ तो दूसरे ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने लाहिरू उडारा को पवेलियन भेज दिया। उडारा ने 1 रन बनाए और स्लीप में यशस्वी जायसवाल ने उनका शानदार कैच पकड़ा। अगले ओवर में मानव सुधार ने प्रभात जयसूर्या (02) को आउट कर श्रीलंका को दूसरा झटका दिया। श्रीलंका ने केवल 3 ओवर में 8 रन पर 2 विकेट खो दिये। तभी अंपायरों ने खराब रोशनी के कारण दिन का खेल समाप्त घोषित कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे




