फर्रुखाबाद, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के पुराना बस स्टैंड के पास मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जीजा और साले के बीच विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बात करने के लिए बुलाए गए जीजा पर साले ने कथित रूप से चाकू से जानलेवा हमला कर लहूलुहान के दिया।
जानकारी के अनुसार, सैनिक कॉलोनी निवासी अजय पुत्र रामनरेश चौहान को उसके साले भोला सिंह राठौर निवासी गुजराती वाली गली ने बातचीत के लिए पुराना बस स्टैंड के पास बुलाया था। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और साले भोला सिंह ने जेब से चाकू निकालकर जीजा अजय पर जानलेवा हमला कर दिया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। खूनी संघर्ष देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती रही। घटना के बाद सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने दोनों पक्षों को पकड़कर कोतवाली फतेहगढ़ पहुंचाया। घायल अजय को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रीश कुमार ने बताया तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। फिलहाल घटना के पीछे विवाद के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar





