जोधपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। जिले के ग्रामीण पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे पर अवैध शराब से भरा ट्रेलर जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। ट्रेलर में चाइना क्ले मिट्टी की आड़ में 550 पेटी अवैध शराब व बीयर लादी गई थी। पुलिस अब चालक से पूछताछ में जुटी है।
पुलिस महानिरीक्षक सत्येन्द्रसिंह जोधपुर रेंज व जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण पंकज यादव के निर्देशन में जिले में नगर निकाय चुनाव 2026 के मद्देनजर अवैध शराब की तस्करी एवं परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए पुलिस थाना खेडा़पा द्वारा 550 पेटी अग्रेजी शराब व बियर को जब्त कर एक आरोपित को गिरफ्तार करने व अवैध शराब की तस्करी के परिवहन में प्रयुक्त एक ट्रेलर को जब्त करने में सफलता प्राप्त की है।
जिले में अवैध शराब व मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन एवं खरीद-फरोख्त पर प्रभावी रोकथाम के लिए समस्त थानाधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में सघन नाकाबंदी, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग तथा सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
एएसपी रामेश्वर लाल जोधपुर ग्रामीण के सुपरविजन में तथा उपाधीक्षक भोपालगढ़ गुलाबराम के निकट सुपरविजन खेड़ापा थानाधिकारी लाखाराम के नेतृत्व में टीम द्वारा थाना परिसर के सामने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चौकिंग की जा रही थी। तब सूचना मिली कि नागौर की तरफ से नेशनल हाईवे संख्या 62 पर एक 22 चक्का ट्रेलर चाइना क्ले मिट्टी के नीचे भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर लाई जा रही है।
इस सूचना पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर ट्रेलर को रुकवाया। ट्रेलर चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम रामचन्द्र पुत्र दलाराम वैष्णव निवासी निम्बलकोट, पुलिस थाना आरजीटी नगर बालोतरा बताया। प्रारम्भ में चालक द्वारा ट्रेलर में मिट्टी भरी होना बताया गया, लेकिन गहन पूछताछ में उसने मिट्टी के नीचे अवैध अंग्रेजी शराब के कार्टन छिपाकर परिवहन करना स्वीकार किया।
पुलिस ने मिट्टी के नीचे प्लास्टिक के मैटिंग/शीट से ढके हुए अंग्रेजी शराब तथा बियर के कुल 550 कार्टन पाए जाने पर शराब के परिवहन संबंधी वैध अनुज्ञापत्र/लाइसेंस भी चालक के पास नहीं मिले। इस पर चाकक को गिरफ्तार किए जाने के साथ शराब को जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपित से प्रारम्भिक पूछताछ में पता लगा कि अवैध शराब मनीष चौधरी पुत्र मानाराम निवासी चूरू द्वारा ट्रेलर में भरवाकर उसे गुजरात के मोरबी ले जाने के लिए सुपुर्द की गई थी। मामले में अवैध शराब की सप्लाई एवं तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश





