सूरजपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा से लगे जंगल में मंगलवार सुबह युवक-युवती के शव एक ही फंदे पर लटके मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के शव कल्याणपुर के कोटबहरा जंगल में एक पेड़ पर मिले हैं। युवक की पहचान ग्राम खड़गवां कला निवासी मूलचंद्र के रूप में हुई है, जबकि युवती की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। एक ही फंदे पर दोनों के शव मिलने के कारण पुलिस प्रारंभिक तौर पर दोनों के प्रेमी जोड़े होने की आशंका जता रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण जंगल में खुखड़ी बीनने के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ पर लटके युवक-युवती के शवों पर पड़ी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर लटोरी चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में आवश्यक जांच के बाद शवों को नीचे उतारकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटनास्थल के पास एक माेटरसायकिल मिली है। पुलिस घटनास्थल से मिले सामान और अन्य सुरागों के आधार पर दोनों की पहचान और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। मृतकों के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज मिलने की भी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक-युवती ने सोमवार के आसपास फांसी लगाई होगी। हालांकि, मौत का वास्तविक समय और कारण पोस्टमार्टम तथा पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
एक ही फंदे पर दोनों के शव मिलने के कारण पुलिस प्रेम प्रसंग से जुड़े पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों की पहचान और आपसी संबंध क्या थे तथा वे जंगल में किस परिस्थिति में पहुंचे।
लटोरी चौकी प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि, जंगल में युवक-युवती के शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। दोनों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले में आवश्यक जांच की जा रही है।


