मुजफ्फरपुर, 21 अगस्त । बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित महिला शिल्प कला भवन (एमएसकेबी) विद्यालय में लगातार दूसरी रात चोरी की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ खड़े हुए हैं। चोरों ने स्कूल के कमरों के ताले तोड़कर पंखे और अन्य सामान चोरी करने के साथ सबमर्सिबल मोटर का पाइप भी उखाड़ लिया। इससे स्कूल परिसर में पेयजल संकट उत्पन्न हो गया। आक्रोशित छात्रों और स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को बनारस बैंक चौक के समीप सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात चोरों ने स्कूल के दो कमरों के ताले तोड़कर पंखे और अन्य सामान चोरी कर लिए थे। प्रधानाध्यापक ने इसकी लिखित शिकायत नगर थाने में की थी। इसके बावजूद गुरुवार देर रात चोरों ने दोबारा स्कूल परिसर में प्रवेश किया। इस बार तीन कमरों के ताले तोड़कर पंखे चोरी कर लिए गए। चोर सबमर्सिबल मोटर का पाइप उखाड़कर ले गए और उसके ऊपर बने शेड को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
शुक्रवार सुबह शिक्षक और छात्राएं स्कूल पहुंचे तो परिसर में पानी की व्यवस्था ठप मिली। भीषण गर्मी में पेयजल संकट से आक्रोशित छात्र-छात्राएं स्थानीय लोगों के साथ सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने बनारस बैंक चौक के पास मुख्य मार्ग जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।
स्कूल के प्राचार्य प्रभात रंजन ने नगर थाना पुलिस पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि स्कूल की बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा पिछले छह महीने से टूटा हुआ है। उनके अनुसार, यह स्थान अपराधियों, जुआरियों और नशेड़ियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन गया है। दिन ढलने के बाद असामाजिक तत्व वहां जुटते हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस को कई बार लिखित और मौखिक रूप से इसकी जानकारी दी गई, लेकिन गश्त बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने कहा कि पहली चोरी के बाद पुलिस सख्त कार्रवाई करती तो लगातार दूसरी रात चोरी की घटना नहीं होती।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर नगर थानेदार जय प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों और स्कूल कर्मियों को समझाकर शांत कराया और यातायात बहाल कराया। थानेदार ने चोरी की घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चोरी में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।



