बर्दवान, 21 अगस्त । बर्दवान मेडिकल कॉलेज में गुरुवार रात के बाद शुक्रवार सुबह एक बार फिर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वत मुखर्जी औचक निरीक्षण करने पहुंचे।
सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब पौने 11 बजे उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्रसूति विभाग का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ राज्य की दो अन्य मंत्री मौमिता विश्वास मिश्रा और खुदीराम टुडू भी मौजूद थीं। इससे पहले गुरुवार रात भी स्वास्थ्य मंत्री अचानक पूर्व बर्दवान के सरकारी अस्पतालों के निरीक्षण पर पहुंचे थे। उन्होंने पहले बड़शूल प्रखंड अस्पताल और उसके बाद बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा किया था। मंत्री के अनुसार, अस्पताल प्रशासन को पहले से निरीक्षण की कोई सूचना नहीं दी गई थी।
बड़शूल प्रखंड अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य मंत्री ने आपातकालीन विभाग की सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों और नर्सों की ओर से मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल में दवाओं और टीकों की उपलब्धता तथा विभिन्न दस्तावेजों के रखरखाव की भी जांच की।
शुक्रवार सुबह बर्दवान मेडिकल कॉलेज के प्रसूति विभाग के निरीक्षण के दौरान भी उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।





