मेदिनीपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दासपुर-दो प्रखंड के चक चांईपाट गांव में सांप के काटने से एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान विश्वनाथ मांझी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार और इलाके में शोक का माहौल है।
परिवार के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे विश्वनाथ अपने घर में सोने जा रहा था। इसी दौरान उसके पैर की उंगली में किसी जीव ने काट लिया। परिजनों ने तत्काल उसे उपचार के लिए सोनाखाली ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। रात करीब 11:45 बजे उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचने के कुछ ही मिनट बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि विश्वनाथ मांझी के पिता का नाम स्वपन मांझी है। महज 20 वर्ष की उम्र में युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हालांकि, विश्वनाथ की मौत किस जीव के काटने से हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि कालाच सांप के काटने से यह घटना हुई होगी। पुलिस ने शव को दासपुर थाने भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता





