फ्रांस ने फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-32 मुकाबले में स्वीडन को 3-0 से हराकर शानदार अंदाज में अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया। टीम की जीत के सबसे बड़े नायक कप्तान किलियन एमबाप्पे रहे, जिन्होंने दो गोल दागे, जबकि एक गोल ब्रैडली बारकोला के नाम रहा। ग्रुप चरण में सभी मैच जीतने के बाद फ्रांस ने नॉकआउट में भी अपना दमदार प्रदर्शन जारी रखा।
पहले हाफ में फ्रांस का रहा पूरी तरह नियंत्रण
मैच की शुरुआत से ही फ्रांस ने आक्रामक खेल दिखाया और स्वीडन पर लगातार दबाव बनाए रखा। पहले हाफ में फ्रांसीसी टीम ने कुल 15 शॉट लगाए। इस दौरान एमबाप्पे का एक गोल ऑफसाइड के कारण रद्द हो गया, जबकि उनका एक और प्रयास गोलपोस्ट से टकरा गया। वहीं माइकल ओलीसे की शानदार ओवरहेड किक भी पोस्ट से टकराकर बाहर निकल गई।
एमबाप्पे और बारकोला ने दिलाई बड़ी जीत
लगातार हमलों का फायदा फ्रांस को पहले हाफ के अतिरिक्त समय में मिला, जब एमबाप्पे ने शानदार फिनिश के साथ टीम का खाता खोला। दूसरे हाफ के 53वें मिनट में माइकल ओलीसे के बेहतरीन पास पर ब्रैडली बारकोला ने पेनाल्टी बॉक्स के अंदर से सटीक शॉट लगाकर बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद 74वें मिनट में ओलीसे ने एक और शानदार असिस्ट दिया, जिस पर एमबाप्पे ने अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल कर मुकाबले को पूरी तरह फ्रांस के पक्ष में कर दिया।
स्वीडन नहीं कर सका वापसी
दूसरे हाफ में भी फ्रांस का दबदबा कायम रहा और स्वीडन को वापसी का कोई मौका नहीं मिला। हालांकि स्वीडन के गोलकीपर जैकब विडेल ज़ेटरस्ट्रॉम ने जूल्स कुंडे और माइकल ओलीसे के कई खतरनाक प्रयासों को रोककर अपनी टीम को और बड़े अंतर से हारने से बचाया।
अंतिम-16 में पराग्वे से भिड़ेगा फ्रांस
इस जीत के साथ फ्रांस ने अंतिम-16 में जगह पक्की कर ली है, जहां 4 जुलाई को फिलाडेल्फिया में उसका सामना पराग्वे से होगा। इस मुकाबले में भी सभी की नजरें एमबाप्पे पर रहेंगी, जो अपने गोलों की संख्या बढ़ाने की कोशिश करेंगे।
विश्व कप में एमबाप्पे का नया कीर्तिमान
स्वीडन के खिलाफ दो गोल करने के बाद किलियन एमबाप्पे के विश्व कप में कुल गोलों की संख्या 18 हो गई है। इसके साथ ही वह विश्व कप इतिहास के दूसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। मौजूदा टूर्नामेंट में उनके नाम अब छह गोल दर्ज हैं और वह शीर्ष स्थान पर मौजूद लियोनल मेसी से केवल एक गोल पीछे हैं। हालांकि मेसी और एमबाप्पे ने इस विश्वकप में अबतक 6-6 गोल किए हैं।






