कांग्रेस के क़रीब 40 विधायक और उनके परिजन भोपाल एयरपोर्ट पर बेंगलुरु जाने वाली विशेष उड़ान में शाम पाँच बजे तक सवार हो चुके थे. पिछले कई घंटों से वे मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे. इन सवालों में बार-बार यही पूछा जा रहा था कि क्या कांग्रेस को अपने विधायकों के टूटने का डर है? क्या राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की आशंका है? क्या बीजेपी की तीसरी उम्मीदवार उतारने की रणनीति सफल होती दिखाई दे रही है? मध्य प्रदेश में बीजेपी के राज्यसभा चुनाव में तीसरा उम्मीदवार उतारने के बाद कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग का डर सताने लगा था. इसी डर के कारण पार्टी ने अपने विधायकों को कर्नाटक भेजने की तैयारी शुरू कर दी थी. लेकिन कुछ घंटों बाद हालात पूरी तरह से बदल गए. एक ओर जहाँ फ्लाइट मंगलवार की शाम बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने ही वाली थी कि 15 किलोमीटर दूर कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त कर दिया गया.




