मीरजापुर, 25 अगस्त (हि.स.)। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बरबसपुर मिश्र लहौली गांव में शराब पीने को लेकर हुए विवाद में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित पैंट भी बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह के अनुसार, भरूहना निवासी रमेश चंद्र विश्वकर्मा ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र अनिल विश्वकर्मा के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। अस्पताल ले जाते समय अनिल की मौत हो गई। तहरीर के आधार पर कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में तीन टीमें गठित की गईं। पुलिस ने भौतिक और इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों के आधार पर थाना क्षेत्र से आरोपी आनंद कुमार विश्वकर्मा उर्फ रामबाबू निवासी बड़ा सखौरा फतहा, कोतवाली शहर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि अनिल के साथ शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गाली-गलौज होने पर उसने आवेश में पास रखी एल्यूमिनियम की डेकची से अनिल पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उपचार के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक मुनीम गुप्ता समेत पुलिस टीम शामिल रही।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा





