बिजनौर, 25 अगस्त (हि.स.)| जनपद बिजनौर के थाना क्षेत्र मण्डावली के गाँव में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंडावली क्षेत्र के ग्राम नयागांव स्थित एक बंद मकान से महिला का सड़ चुका शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका के बेटे ने अपने पिता पर ही मां की बेरहमी से हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
मोहनपुर निवासी अहमद हसन ने नयागांव-मीरमपुर मार्ग पर एक जमीन खरीदकर मकान बनाया था, जहां परिवार का कभी-कभार आना-जाना रहता था। मृतका के पुत्र आसिफ ने बताया कि बीते बुधवार को उसके माता-पिता पास के एक प्लॉट को खरीदने के सिलसिले में नयागांव आए थे। उनके साथ उनका दूसरा भाई भी आया था, जो बाद में श्रीनगर लौट गया। रात में माता-पिता उसी मकान में रुक गए थे |
आसिफ के मुताबिक, बुधवार रात करीब 9 बजे उसकी माता-पिता से फोन पर बात हुई थी, लेकिन अगले दिन से ही पिता का मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आने लगा और मां से भी संपर्क नहीं हो सका। अनहोनी की आशंका के चलते मंगलवार सुबह जब आसिफ श्रीनगर से नयागांव वाले मकान पर पहुंचा तो बाहर ताला लटका हुआ था।
ताला तोड़कर जब वह अंदर दाखिल हुआ, तो कमरे से असहनीय दुर्गंध आ रही थी। अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। उसकी मां शहनाज का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ था।
आसिफ ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मंडावली थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव लगभग एक सप्ताह पुराना होने के कारण पूरी तरह सड़ चुका था और उसमें कीड़े पड़ चुके थे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
मृतक महिला के बेटे आसिफ ने अपने पिता अहमद हसन पर हत्या का सीधा आरोप लगाते हुए बताया कि उसके पिता अक्सर मां के साथ मारपीट करते रहते थे। आशंका जताई जा रही है कि उस रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद पिता ने मां की हत्या कर दी और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपित पिता की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र





