धर्मशाला, 25 अगस्त (हि.स.)। धर्मशाला के फरसेठगंज निवासी दो लोगों से निवेश योजना के नाम पर उत्तर प्रदेश के शातिरों की ओर से करीब 55 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर धर्मशाला पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार धर्मशाला के साथ लगते फरसेठगंज निवासी आनंद अग्रवाल और अरुण कुमार ने शिकायत में आरोप लगाया है कि वर्ष 2024 में उन्होंने निवेश योजना में करीब 55 लाख रुपए लगाए थे। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश निवासी सुशील वर्मा, चरण सिंह, महिंद्र सिंह उर्फ महिंदर वर्मा और राजेश कुमारी पत्नी महिंद्र सिंह ने आपसी मिलीभगत कर उन्हें निवेश के लिए प्रेरित किया और बाद में उनके साथ धोखाधड़ी की।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना धर्मशाला में शनिवार को प्राथमिकी संख्या 155/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 120-बी में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और निवेश से संबंधित दस्तावेजों व लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में इससे पहले सामने आए चर्चित क्रिप्टोकरेंसी बहुस्तरीय विपणन ठगी मामले में भी निवेशकों को बड़ी रकम गंवानी पड़ी थी।
उधर, एएसपी आरपी जसवाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस निवेश से जुड़े दस्तावेजों और लेनदेन की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन की खंगाली जा रही जानकारी
मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस अब शिकायतकर्ताओं की ओर से निवेश के नाम पर दी गई रकम के लेन-देन की पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान संबंधित बैंक खातों, डिजिटल वॉलेट और ऑनलाइन लेन-देन का रिकॉर्ड खंगाला जाएगा। बताया जा रहा है कि व्यक्तियों से पहले 30 लाख फिर 15 लाख ओर इंवेस्ट किए जाने का झांसा दिया गया। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर निवेश के नाम पर जुटाई गई रकम किन खातों में पहुंची और उसका आगे किस तरह इस्तेमाल किया गया। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया




