नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण जिले के ग्रेटर कैलाश-1 इलाके में कैलाश कॉलोनी मेट्रो स्टेशन के पास रविवार रात को हुए सड़क हादसे में 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति घायल हो गए। हादसे में आरोपित चालक ने पहले कई वाहनों को टक्कर मारी और इसके बाद सड़क पर पैदल जा रहे दंपती को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल दंपती को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को ग्रेटर कैलाश-1 थाना पुलिस को सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी चालक ने वाहन चलाते हुए कई वाहनों को टक्कर मारी। इसके बाद वाहन की चपेट में पैदल जा रहे एक दंपती आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान 71 वर्षीय शशि और उनके 65 वर्षीय पति कुलभूषण के रूप में हुई। दोनों को तत्काल इलाज के लिए मूलचंद अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने शशि को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके पति कुलभूषण का उपचार किया गया। उनकी हालत स्थिर होने के बाद उन्हें बयान देने के लिए फिट घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक तपन को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे की परिस्थितियों और चालक की भूमिका को लेकर पुलिस आगे की जांच कर रही है। इस संबंध में ग्रेटर कैलाश-1 थाने में बीएनएस की धारा 281, 125(ए) और 106 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हादसा किस परिस्थितियों में हुआ और वाहन की गति समेत अन्य पहलुओं की क्या भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी




