शिमला, 24 अगस्त । शिमला जिले के कुमारसैन में पुलिस ने चार लोगों को 11.35 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई रविवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर सोफा कैंची (किंगल) के पास जांच के दौरान की।
पुलिस के अनुसार कुमारसैन थाना की टीम ने मौके पर चार लोगों को रोका और उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 11.35 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद कुमारसैन थाना में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीव कुमार (41) पुत्र गंगा राम निवासी रामपुर, जिला शिमला, विक्रम (26) पुत्र खुब राम निवासी रामपुर, जिला शिमला, ललित कुमार (28) पुत्र बेसर सिंह निवासी सरकाघाट, जिला मंडी और कुलदीप (31) पुत्र गुरदास निवासी रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद नशीला पदार्थ उन्हें कहां से मिला और इसके पीछे कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस नशे की आपूर्ति के स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।





