अनूपपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण और बलात्कार मामले में फरार चल रहे आरोपी को हैदराबाद से गिरफ्तार कर सोमवार को अनूपपुर लाया गया, जहां पूछताछ और कागजी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बिजुरी थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि घटना अप्रैल महीने की है। गत 7 अप्रैल की रात नाबालिग घर के बाहर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश की और रिश्तेदारों से संपर्क किया, लेकिन जब नाबालिग का कोई पता नहीं चला, तो उन्होंने थाने में गुमशुदगी और अपहरण की धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया। पुलिस ने तत्काल विवेचना शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से घटना के 10 दिन बाद नाबालिग का पता तेलंगाना राज्य में चला। पुलिस की एक टीम तुरंत तेलंगाना भेजी गई, जहां से नाबालिग को दस्तयाब कर लिया गया। वहीं पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी युवक मौके से भागने में सफल रहा।
पुलिस नाबालिग को लेकर अनूपपुर लौट आई। न्यायालय में दर्ज कराए गए कथनों और मेडिकल जांच में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी। तेलंगाना से खाली हाथ लौटी पुलिस ने दोबारा आरोपी को पकड़ने की रणनीति बनाई। और साइबर सेल से मिली सटीक तकनीकी जानकारियों के आधार पर बिजुरी पुलिस की टीम ने दोबारा तेलंगाना राज्य में दबिश दी। इस बार पुलिस ने आरोपी 19 वर्षीय ध्रुव प्रताप सिंह को तेलंगाना के हैदराबाद से धर दबोचा। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास सिंह, उपनिरीक्षक विपुल शुक्ला, प्रधान आरक्षक पंकज मिश्रा, राजेंद्र अहिरवार और आरक्षक विश्वजीत मिश्रा शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला





